मध्य प्रदेश के इन 165 किसानों को सरकार देगी ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर, जानिए क्यों…

मध्य प्रदेश किसान पुरस्कार 2026 के तहत 165 विजेताओं का चयन हो गया है। प्रदेश के प्रत्येक जिले से तीन किसानों को पुरस्कार मिलेगा। इनमें 55 को ट्रैक्टर, 55 को बुलेट मोटरसाइकिल और 55 को ई-स्कूटर दिए जाएंगे। विजेताओं की सूची ऑनलाइन जारी कर दी गई है।
Table of Contents
किसान कल्चर, भोपाल: मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर 165 किसानों को खास पुरस्कार मिलने वाले हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित समारोह में विजेताओं को सम्मानित करेंगे। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के सभी 55 जिलों से तीन-तीन किसानों का चयन 27 अक्टूबर को लॉटरी के माध्यम से किया गया।
40 हजार किसानों ने लिया हिस्सा, 15,298 को मिले पूरे अंक
मध्य प्रदेश किसान पुरस्कार 2026 से जुड़ी इस ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च तक किया गया था। इसमें करीब 40 हजार किसानों ने भाग लिया। प्रतियोगियों से कृषि और सरकारी योजनाओं से जुड़े 24 बहुविकल्पीय सवाल पूछे गए थे। इनके जवाब देने के लिए 24 मिनट निर्धारित थे।
प्रतियोगिता में 15,298 प्रतिभागियों ने सभी 24 सवालों के सही जवाब दिए। इनमें 13,091 पुरुष, 2,201 महिलाएं और अन्य श्रेणी के छह प्रतिभागी शामिल थे। पूरे अंक पाने वालों की संख्या अधिक होने के कारण अंतिम विजेताओं का चयन लॉटरी से किया गया।

किसे मिलेगा ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर?
मध्य प्रदेश किसान पुरस्कार 2026 के तहत हर जिले से तीन विजेता चुने गए हैं। प्रथम पुरस्कार में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार में 55 बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार में 55 ई-स्कूटर दिए जाएंगे।
भोपाल जिले के संदीप वर्मा को ट्रैक्टर, सुहानी राजपूत को बुलेट मोटरसाइकिल और समीर गौड़ को ई-स्कूटर मिलेगा।
इंदौर से जितेन्द्र मौर्य, उज्जैन से रोहित अंजना, ग्वालियर से कृष्णा रावत, अशोकनगर से उपेन्द्र यादव, सागर से जयहिंद राजपूत और जबलपुर से अनिल पटेल को प्रथम पुरस्कार के लिए चुना गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे। अन्य जिलों में संबंधित प्रभारी मंत्री विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
अपने जिले के विजेताओं की सूची कैसे देखें?
मध्य प्रदेश किसान पुरस्कार 2026 के सभी 165 चयनित विजेताओं के नाम वीर भारत न्यास की वेबसाइट पर जारी किए गए हैं। किसान अपने जिले के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार विजेताओं की जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं।
आधिकारिक विजेता सूची: https://quiz.veerbharatnyas.com/vijeta
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार और वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य किसानों को कृषि और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। इसका आयोजन वीर भारत न्यास, संस्कृति संचालनालय और जनसंपर्क विभाग ने कृषि विभाग एवं कृषि अभियांत्रिकी संचालनालय के सहयोग से किया था।



